World Test Championship: टीम इंडिया की प्लेइंग-11 तय! सीनियर गेंदबाज का खेलना मुश्किल
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (World Test Championship) के लिए भारतीय टीम घोषित हो चुकी है. चैंपियनशिप का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड (India vs New Zealand) के बीच 18 से 22 जून तक साउथैंप्टन में होना है. आईसीसी ने टेस्ट को लोकप्रिय बनाने के लिए 2019 में इसकी शुरुआत की थी. सभी 9 टीमों 6-6 सीरीज खेलनी थी. टाॅप-2 टीमों को फाइनल में जगह मिली. हालांकि कोरोना के कारण कई सीरीज स्थगित हो गई थीं. इस कारण औसत अंक के साथ टॉप-2 टीम का फैसला हुआ.
साउथैंप्टन में अभी काउंटी का एक मैच चल रहा है. हैंपशायर और समरसेट के बीच खेले जा रहे मैच के पहले दो दिन में 23 विकेट गिरे. सभी विकेट तेज गेंदबाजों को मिले. पिच का रिकॉर्ड तेज गेंदबाजों के पक्ष में रहा है. ऐसे में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में आर अश्विन और रवींद्र जडेजा में से किसी एक को ही जगह मिलेगी. जडेजा का प्रदर्शन हाल में आईपीएल में अच्छा रहा है. ऐसे में उन्हें अश्विन पर तरजीह मिल सकती है. अश्विन ने टेस्ट में 400 से अधिक विकेट लिए हैं. वे मौजूदा समय में टीम इंडिया के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक हैं.